कबाड़ गोदाम में बंधक बनाकर कारोबारी को पीटा, रिहा करने 2.70 लाख रुपए फिरौती वसूले


बिलासपुर। कबाड़ कारोबारी को दूसरा कबाड़ कारोबारी ने फोन कर गोदाम बुलाया। फिर गोदाम में बंधकर बनाकर उसकी जमकर पिटाई की। आरोप है कि जान से मारने की धमकी देकर पीडि़त काबाड़ कारोबारी की पत्नी से 2 लाख 70 हजार रुपए वसूल लिए। पैसा मिलने के बाद ही पीडि़त को छोड़ा गया। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस अपराध दर्ज कर जांच कर रही है।
सिरगिट्टी पुलिस ने बताया कि गणेश नगर चुचुहियापारा निवासी सैय्यद प्रिंस बक्शी ने शिकायत दर्ज कराई कि वह सिलपहरी में कबाड़ का व्यवसाय करता है। 11 जून को दोपहर करीब 12.25 बजे राहुल कबाड़ी का फोन आया, जिसने उसे तिफरा स्थित काली मंदिर के पास अपने गोदाम में बुलाया। वह अपने साले मोहम्मद अमन के साथ वहां पहुंचा, जहां पहले से फिरोज कबाड़ी, सफीर और अन्य आरोपी मौजूद थे। आरोपियों ने उससे कबाड़ खरीदने को लेकर बात की। फिर सभी आरोपियों ने सैय्यद प्रिंस के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसके साले को भी कमरे में बंद कर बंधक बना लिया। उनकी निगरानी के लिए कुछ लोगों को तैनात कर दिया गया। इसी दौरान फिरोज और राहुल कबाड़ी सिलपहरी स्थित उसकी दुकान पहुंच गए। वहां मौजूद कर्मचारी से पूछताछ करने के बाद दुकान और गोदाम की तलाशी ली गई। दुकान से कुछ सामान उठाया और पीडि़त का छोटा हाथी वाहन भी कब्जा करके ले गया।

फर्जी पुलिस बनकर पीडि़त की पत्नी से वसूले पैसे
पीडि़त का आरोप है कि आरोपियों के दो साथी उसके घर चुचुहियापारा पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर उसकी पत्नी और मां के सामने घर की तलाशी ली। पति की रिहाई के लिए परेशान पत्नी ने घर में रखे 2 लाख 70 हजार रुपए आरोपियों को दे दिए। शाम 5 बजे पीडि़त और उसके साले को छोड़ा गया। सिरगिट्टी पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 127(2), 296, 3(5), 308(2), 309(2) एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!