May 3, 2024

कांग्रेस ने किया एलान: सात सितंबर को हर जिले में निकलेगी ‘भारत जोड़ो’यात्रा

 नई दिल्ली. कांग्रेस ने राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली गई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के एक साल पूरे होने के मौके पर देशभर के हर जिले में भारत जोड़ो यात्रा निकालने का एलान किया है। पार्टी ने इसके लिए कई जगहों पर आयोजन करने की भी योजना बनाई है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने पिछले साल सात सितंबर को कन्याकुमारी से यात्रा शुरू की थी। १४५ दिन तक चली ४,००० किमी लंबी इस यात्रा का अंत ३० जनवरी को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, यात्रा को लेकर कांग्रेस में चर्चाएं तेज हैं और इसकी विस्तृत जानकारी जल्द ही जिला कमेटियों को भेजी जाएगी।
बता दें कि इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने १२ सार्वजनिक सभाओं को संबोधित किया था, वहीं १०० से ज्यादा बैठकें और १३ प्रेस कॉन्फ्रेन्स में भी हिस्सा लिया। उन्होंने चलते हुए २७५ से ज्यादा चर्चाओं में हिस्सा लिया, जबकि कहीं रुक कर १०० के करीब चर्चाएं कीं। कई जानकारों का मानना है कि ‘भारत जोड़ो’ यात्रा ने राहुल गांधी और कांग्रेस की छवि को बदलने में काफी अहम भूमिका निभाई है। खासकर राजनीति में अनमने और पार्ट-टाइम नेता की बजाय अब उनकी छवि विपक्ष के लिए एक परिपक्व और एक गंभीर नेता के रूप में उभरी है।
सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हल्के बुखार की शिकायत और अस्वस्थता महसूस होने के बाद उन्हें इलाज के लिए शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। अस्पताल ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है। बता दें कि इससे पहले मार्च में भी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उनका इसी अस्पताल में इलाज किया गया था। मुंबई में हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक से लौटने के बाद शनिवार रात सोनिया गांधी की हालत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल ने बताया कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post कनाडा ने भारत के साथ व्यापार समझौता तोड़ा
Next post बैंकों की सुविधा और विश्वसनीयता दोनों खत्म करने पर आमादा है मोदी सरकार
error: Content is protected !!