ड्रग्स का कारोबार पंजाब से सीधा बिलासपुर पहुंचा, दो तस्कर गिरफ्तार
बिलासपुर। ड्रग्स का कारोबार पंजाब राज्य से सीधा बिलासपुर तक पहुंच गया है। धीरे-धीरे बिलासपुर के शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी ड्रग्स का नशा करने वालों की संख्या बढ़ गई है। पुलिस व एसीसीयू की टीम ने दो तस्कारों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 26 ग्राम ड्रग्स 26 ग्राम ड्रग्स बरामद किया गया है। जिसकी कीमत 2 लाख 60 हजार रुपए है।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि चकरभाठा क्षेत्र में सूखा नशा का कारोबार चलने की जानकारी मिल रही थी। जिस पर उन्होंने चकरभाठा पुलिस के साथ एसीसीयू की टीम को संदेहियों की जानकारी जुटाकर नजर रखने के निर्देश दिए थे। मंगलवार की देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक संदिग्ध कार सीजी 28 एल 8130 खड़ी है। कार के भीतर मौजूद दो युवक किसी बड़े ग्राहक की तलाश में हैं। उनके पास भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू की टीम के साथ घेराबंदी की गई। इस दौरान पुलिस की गाड़ी को देखकर कार सवार दोनों आरोपी घबरा गए और कार स्टार्ट कर भागने की कोशिश करने लगे। टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर कार को रोका और दोनों युवकों को नीचे उतारा। जब कार और युवकों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से 26.05 ग्राम चमकीला नशीला पाउडर बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि वे इसे खपाने और मोटी रकम कमाने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।


