सड़क-पुल न होने पर शव को कंधों पर 2 किमी ढोया

ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पर सिर्फ आश्वासन

कोरबा। जिला के पाली विकासखंड के केंवरा पंचायत अंतर्गत ईरई गांव में विकास की खोखली बातों की तस्वीर साफ दिखाई दी है। यहां सड़क और पुल न होने के कारण एक मृत महिला के शव को ग्रामीणों को बांस की डांडी पर कंधों पर रखकर करीब 2 किलोमीटर पैदल ले जाना पड़ा। पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

कुछ दिन पहले गांव निवासी मोतीलाल भुनुवार की पत्नी का निधन हो गया। अंतिम संस्कार के लिए शव को गांव से बाहर ले जाना था, लेकिन सड़क न होने के कारण कोई वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका। परिजनों और ग्रामीणों ने मजबूरन बांस और लकड़ी की डांडी बनाकर शव को कंधों पर उठाया और मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
वीडियो में कई ग्रामीण डांडी उठाए जाते दिख रहे हैं, जबकि महिलाएं और अन्य लोग अंतिम यात्रा में शामिल हैं। ग्रामीण बताते हैं कि नाले पर पुल न होने के कारण बरसात में गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता है। मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को भी खाट पर लिटाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। एम्बुलेंस या 108 सेवा गांव तक नहीं पहुंच पाती।

ग्रामीणों का कहना है कि वे कई सालों से सड़क निर्माण और नाले पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन वन क्षेत्र का हवाला देकर हर बार उनकी मांगों को टाल दिया जाता है। सामान्य दिनों में भी आवागमन मुश्किल रहता है और बारिश में स्थिति और खराब हो जाती है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *