अटल आवास में अवैध कब्जा, मकान खाली करने को लेकर आये दिन हो रहा विवाद

बिलासपुर/अनिश गंधर्व. पूर्व मंत्री अमर अग्र्रवाल ने नेहरू चौक में आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान कहा था कि कांग्रेस की सरकार गरीबों के मकानों को तोड़कर उन्हें बेघर कर रही है। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों पर उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि सरकारी अटल आवासों का आबंटन नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते वहां खिड़की दरवाजा आदि को आसामाजिक लोग उखाड़कर ले गये हैं। नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी लाखों रूपये खर्चकर बनाये गये इन आवासों को जर्जर हालात में छोड़ दिये हैं। इसी तरह कई मकानों में लोगों ने जबरिया कब्जा जमा लिया है जिसे अभी तक खाली नहीं कराया गया है। सरकंडा क्षेत्र के विजयापुरम में भी गरीबों के लिये अटल आवास बनाया गया है किंतु इन मकानों का आबंटन नहीं किया गया। निगम के कुछ कर्मचारियों की शह पर यहां लोग अवैध रूप से रह रहे हैं। यहां आये दिन मारपीट की घटनाएं हो रही है लोग पुलिस से शिकायत कर रहें है पुलिस भी हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है।

विजयापुर कालोनी स्थित अटल आवास में रहने वाली कुछ महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि हम लोग विजयापुर अटल आवास. ई ब्लॉक में रहते हैं। यहां रहने वाली एक महिला सोनम जायसवाल, बाला किन्नर आये दिन विवाद करते हैं और हम लोगों को घर से निकाल देने की धमकी दे रहे हैं। बाला किन्नर 50 हजार रूपये की मांग कर रहा है। ज्ञापन सौंपने आई महिलाओं का कहना है कि नगर निगम में कार्यरत राजेश सिंह द्वारा ये सब कराया जा रहा है। इतना सब कुछ जानने के बाद भी जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी अटल आवास में अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही नहीं कर रही है। यहां आये दिन विवाद के साथ साथ मारपीट की घटनाएं हो रही है। कभी बड़ा हादसा होने की पूरी संभावना बनी हुई है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!