गुरु घासीदास विश्वविद्यालय एवं BNI बिलासपुर के मध्य एमओयू, विद्यार्थियों को मिलेगा उद्योग जगत से जुड़ने का अवसर

 

बिलासपुर.  शिक्षा एवं उद्योग जगत के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में आज गुरु घासीदास विश्वविद्यालय एवं BNI बिलासपुर के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी विद्यार्थियों को व्यावसायिक एवं व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ने, उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अश्वनी दीक्षित ने कहा कि वर्तमान समय में केवल अकादमिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को इंडस्ट्री एक्सपोज़र, स्किल डेवलपमेंट एवं प्रोफेशनल नेटवर्किंग की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि BNI जैसे वैश्विक व्यावसायिक संगठन के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, उद्यमिता एवं रोजगार के नए आयाम स्थापित करेगी।

कार्यक्रम में BNI के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. किरणपाल सिंह चावला ने कहा कि BNI सदैव व्यवसाय, नेतृत्व एवं प्रोफेशनल नेटवर्किंग को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता रहा है। विश्वविद्यालय के साथ यह एमओयू विद्यार्थियों को वास्तविक व्यावसायिक वातावरण से जोड़ने तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।

BNI बिलासपुर के सपोर्ट डायरेक्टर एवं रीजनल ट्रेनर डॉ. सचिन यादव ने कहा कि शिक्षा और उद्योग का समन्वय ही आत्मनिर्भर एवं सक्षम भारत की मजबूत नींव है। इस साझेदारी के माध्यम से विद्यार्थियों को लीडरशिप डेवलपमेंट, बिजनेस कम्युनिकेशन, इंटरपर्सनल स्किल्स, नेटवर्किंग तथा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को केवल रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनने के लिए प्रेरित करेगी।

BNI के सपोर्ट एंबेसडर अभिजीत रॉय ने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों के लिए केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास, संचार कौशल एवं प्रोफेशनल नेटवर्किंग भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि BNI के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुभवी उद्योगपतियों, व्यवसायिक लीडर्स एवं प्रोफेशनल्स से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अपने करियर को नई दिशा दे सकेंगे। उन्होंने इस पहल को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह एमओयू शिक्षा और व्यवसाय जगत के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करेगा।

कार्यक्रम में BNI के लॉन्च डायरेक्टर अविजीत आहूजा, लॉन्च डायरेक्टर पंकज श्रीवास्तव, BNI कोलैबोरेटर चैप्टर के अध्यक्ष जगत प्रताप, CETA के अध्यक्ष मनीष जैन, GGV के नोडल अधिकारी डॉ. सचिन विश्वकर्मा एवं Pro श्री सत्येश भट्ट सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

एमओयू के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर सेमिनार, कार्यशालाएं, इंडस्ट्री इंटरैक्शन कार्यक्रम, पर्सनालिटी डेवलपमेंट सत्र, उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम तथा स्किल डेवलपमेंट गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही उन्हें सफल उद्यमियों एवं बिजनेस लीडर्स के साथ सीधे संवाद का अवसर भी प्राप्त होगा, जिससे वे अपने करियर एवं व्यवसायिक जीवन के लिए बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने इस साझेदारी को शिक्षा एवं व्यवसाय जगत के लिए एक सकारात्मक, दूरदर्शी एवं प्रभावी कदम बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल आने वाले समय में युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!