महमंद खाद वितरण केंद्र में पोस मशीन खराब, किसानों को नहीं मिल रहा खाद

 

महमंद शाखा सहकारी समिति में खाद वितरण केंद्र में खाद वितरण ठप

बिलासपुर। सरकार ने पोस मशीन से ही खाद देना अनिवार्य कर रखा है। बिना पोस मशीन के किसानों को खाद वितरण करना मना है। दूसरी ओर महमंद शाखा सहकारी समिति खाद वितरण केंद्र में पोस मशीन कई दिनों से खराब है। जिससे यहां किसानों को खाद वितरण नहीं किया जा रहा है। किसान खाद लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन खराब मशीन के कारण किसी को खाद नहीं मिल रहा है। किसान मायूस होकर खाली हाथ लौट रहे हैं।
खाद खरीदते समय किसान को आधार कार्ड नंबर देना होता है। विक्रेता द्वारा मशीन में आधार कार्ड नंबर दर्ज कर किसान के अंगूठे की निशानी लगवाई जाती है। इसके बाद ही किसानों को खाद दिया जाता है। इस समय खरीफ फसल की बोआई चल रही है। सरकार ने पोस मशीन से ही खाद देने के निर्देश दे रखे हैं। इससे किसानों को जरूरत के अनुसार समय पर खाद मिल सकेगा। मशीन खराब होने के चलते खाद वितरण ठप पड़ा है। खाद लेने पहुंचे किसानों को पहले से ही फार्मर आईडी और आधार कार्ड की फोटोकॉपी लाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई किसानों के पास फार्मर आईडी उपलब्ध नहीं थी। वहीं, कुछ किसानों के पास सभी आवश्यक दस्तावेज होने के बावजूद भी उन्हें खाद नहीं मिल सकी, जिससे उनमें आक्रोश देखा गया।

खाद वितरण पूरी तरह प्रभावित
किसान राजकुमार पटेल ने बताया कि बिलासपुर जिले की महमंद शाखा सहकारी समिति में खाद वितरण पूरी तरह प्रभावित है। पिछले आठ दिनों से पोस मशीन खराब है। बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन नहीं होने के कारण किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा है। जबकि गोदाम में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। जिम्मेदार अफसर भी मशीन का हवाला देकर हाथ खड़े कर दिए हैं।

खाद के अभाव में कमजोर हो रहे नर्सरी के पौधे
ह्रदय लाल ने बताया कि दूर-दराज के गांवों से पहुंचे किसान घंटों इंतजार करने के बाद मायूस होकर लौट रहे हैं। खरीफ सीजन के बीच खाद नहीं मिलने से किसानों की चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ती जा रही है। खाद के कारण फसल प्रभावित हो रहा है। नर्सरी में खाद नहीं डाला गया है, जिससे पौधे तेजी से नहीं बढ़ रहे हैं। नर्सरी के पौधे कमजोर भी हो गए हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *