May 4, 2024

विष्णु नगर की जीत कांग्रेस की विदाई का शुभारंभ है : अमर अग्रवाल

बिलासपुर. नगर निगम के वार्ड क्रमांक 16 विष्णु नगर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्रद्धा जैन की  जीत पर बधाई देते हुए पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता अमर अग्रवाल ने कहा कि यह  अपितु यह जीत पूरे बिलासपुर वासियों की है। उन्होंने कहा  विष्णु नगर वार्ड  पहले कांग्रेस का गढ़ माना जाता था,  भाजपा की पार्षद स्वर्गीय निधि जैन के नाम को उनकी पुत्री श्रद्धा जैन जी ने आगे बढ़ाने का बीड़ा उठाया है, वे वार्ड के नागरिकों को विश्वास में ख़री उतरेंगी। उन्होंने मंडल के कार्यकर्ता पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि वार्ड संगठन के कार्यकर्ताओं ने  जिम्मेदारी से भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित की है ।बिलासपुर की जनता ने 4 साल से राज्य में एवं 3 वर्ष से निगम में बैठी कांग्रेस सरकार को अपना 2023 के जनादेश का संकेत दे  दिया है । बिलासपुर की जनता जो पिछले 4 वर्षों से कुशासन एवं गुंडा राज झेल रही है,आने वाले दिसम्बर में  बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश में जनता जनार्दन के आशीर्वाद से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और भूपेश बघेल के कुशासन का अंत होगा।


भाजपा का कब्जा बरकरार : कुदुदंड में फिर खिला कमल, गुटबाजी व निर्दलीय ने बिगाड़ा समीकरण : नगर निगम के वार्ड नंबर  16 कुदुदंड विष्णु नगर के उपचुनाव में भाजपा की श्रद्धा जैन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी अनिता कश्यप को 233 वोट से हरा दी है। इस जीत को भाजपा के जिला रामदेव कुमावत की शानदार चुनावी मैनेजमेंट की जीत मानी जा रही है जबकि कांग्रेस की ओर से मोर्चा संभाल रहे शहर विधायक शैलेश पांडेय, महापौर रामशरण यादव और शहर अध्यक्ष विजय पांडेय की जबरदस्त असफलता है। पिछले पखवाड़ेभर कुदु दंड में भाजपा  कांग्रेस के नेता वार्ड के उपचुनाव में जोर लगा रहे थे। मतदान के बाद आज वोटों की गिनती शुरू हुई। शुरूआती रुझान में कांग्रेस प्रत्याशी बढ़त में थी और दो राउंड तक मामला कांग्रेस के पक्ष में था। लेकिन तीसरे राउंड से मामला पलट गया। कांग्रेस प्रत्याशी की लीड को पाटते हुए बढ़त बना ली और अंत तक लीड बना रहा।  चक्रवार चुनाव परिणाम पहले चक्र में कांग्रेस प्रत्याशी अनीता कश्यप को 446, दूसरे चक्र में 353 तीसरे चक्र में 274 और चौथे राउंड में 305 वोट मिले। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी को कुल1378 वोट मिले हैं । वहीं भाजपा की श्रद्धा जैन को पहले चक्र में 326 दूसरे चक्र में 386, तीसरे चक्र में 511और चौथे चक्र में 388 वोट मिले। इस तरह श्रद्धा जैन को चौथे चक्र के बाद कुल 1611 वोट मिले हैं । निर्दलीय शैल यादव को पहले चक्र में 182 दूसरे चक्र में 284 तीसरे चक्र में 248, चौथे चक्र में 231 यानी कुल 945 वोट मिले । नोटा को 12 वोट मिले हैं तो वहीं 79 वोट निरस्त हुए हैं। इस तरह अंतिम परिणाम के तौर पर भाजपा प्रत्याशी श्रद्धा जैन ने अपने निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस की अनीता कश्यप को 233 वोटों से शिकस्त दी। भाजपा पार्षद निधि जैन के निधन के बाद खाली हुए सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला रहा। यहां से कांग्रेस की अनीता कश्यप का सीधा मुकाबला पूर्व पार्षद स्वर्गीय निधि जैन की बेटी श्रद्धा जैन से था, तो वहीं 2009 में वार्ड की पार्षद रह चुकी निर्दलीय प्रत्याशी शैल यादव भी मुकाबले में थी। वार्ड में 8 मतदान केंद्र बनाए गए थे, यहां कुल 7717 मतदाताओं में से करीब 52% यानी 4027 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया था, जिसमें 2015 महिलाएं और 2012 पुरुष मतदाता शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post हिंदी विवि में शुक्रवार से अंतर विद्यापीठ खेल प्रतियोगिता
Next post क्रिकेट टीम में सलेक्शन का झांसा दे ठगी करने वाला क्रिकेट कोच गिरफ्तार
error: Content is protected !!