May 6, 2024

देश में सद्भाव, भाईचारा लाएंगे : राहुल

इंफाल.कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को यहां ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की शुरुआत की। यात्रा की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि देश बड़े अन्याय के दौर से गुजर रहा है। देश के सामने एक ऐसा दृष्टिकोण रखा जाएगा, जो नफरत और हिंसा पर आधारित नहीं होगा, बल्कि सद्भाव, भाईचारे और समान भागीदारी वाला होगा। उन्होंने मणिपुर हिंसा का उल्लेख करते हुए दावा किया कि राज्य में जो हुआ, वो भाजपा, आरएसएस की ‘नफरत की राजनीति’ का प्रतीक है। राहुल ने कहा कि देश में एकाधिकार कायम किया जा रहा है, बड़े पैमाने पर कारोबार बंद हो गए हैं और भयंकर बेरोजगारी है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘हम अपने मन की बात नहीं बताना चाहते, हम आपके मन की बात सुनना चाहते हैं।’

राहुल ने कहा, ‘जिसको हम मणिपुर कहते थे, 29 जून के बाद वो मणिपुर रहा ही नहीं…, बंट गया, कोने-कोने में नफ़रत फैली, भाई-बहन, माता-पिता आंखों के सामने मरे।… आज तक प्रधानमंत्री मणिपुर में आपके आंसू पोंछने नहीं आए… शर्म की बात है। शायद नरेंद्र मोदी जी, भाजपा और आरएसएस के लिए मणिपुर हिंदुस्तान का भाग ही नहीं है।’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी ने न्याय यात्रा के जरिये ऊंची उड़ान का हौसला बनाया है। वह न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के लिए लड़ रहे हैं। न्‍याय यात्रा संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए है। बहुजन समाज पार्टी से निलंबित लोकसभा सदस्य दानिश अली भी राहुल के साथ यात्रा में शामिल हुए।

15 राज्यों के 110 जिलों में जाएंगे

यात्रा 67 दिन में 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। लगभग 6700 किलोमीटर की दूरी तय की जायेगी। यात्रा ज्यादातर बस से होगी, कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी। यात्रा मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से होकर गुजरेगी।

खड़गे का मोदी पर वार

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मणिपुर में मोदी जी वोट लेने आते हैं, लेकिन जब यहां के लोग संकट में फंसे हैं, तो इधर नहीं दिखते। मोदी जी, समंदर की सैर कर सकते हैं, लेकिन मणिपुर नहीं आ सकते। खड़गे ने कहा, ‘समुद्र के निकट सैर करते हैं, राम-राम जपते हैं… मुंह में राम, बगल में छुरी, जनता के साथ यह मत करिये… सभी भगवान में आस्था में रखते हैं, लेकिन वोट पाने के लिए यह सब ढोंगबाजी नहीं करनी चाहिए।’ खड़गे ने यह आरोप लगाया कि देश में तानाशाही रवैया चल रहा है और भाजपा लोकतंत्र खत्म कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post प्रगतिशील आंदोलन की ताक़त मज़दूरों और मेहनतकशों के संघर्ष में छिपी थी – कॉ. सुबोध मोरे   
Next post केरल के घने जंगलों और दिल्ली वाले कंक्रीट के जंगल में घटी घटनाओं का एक काल्पनिक व नाटकीय रूपांतरण है ‘पोचर’
error: Content is protected !!