एनटीपीसी सीपत में उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

 

 

सीपत. एनटीपीसी सीपत में दिनांक 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह नगर परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर खेल परिसर में उत्साह एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के पश्चात मुख्य अतिथि श्री स्वपन कुमार मंडल, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी सीपत ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), डीजीआर एवं बाल भारती पब्लिक स्कूल की परेड का निरीक्षण किया।
अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख  स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि एनटीपीसी वर्ष 1975 से देश के विकास में सतत अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत की सबसे बड़ी विद्युत उत्पादन कंपनी एनटीपीसी देशभर में स्थित लगभग 116 स्टेशनों के माध्यम से 91 हजार मेगावाट से अधिक की क्षमता के साथ राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित सभी विद्युत संयंत्रों में सर्वाधिक क्षमता वाला एनटीपीसी सीपत विद्युत उत्पादन के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में एनटीपीसी सीपत ने करीब 21,500 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत बाल भारती पब्लिक स्कूल, बाल भवन, टाइनी ब्लॉसम प्ले स्कूल एवं दिशा केंद्र के बच्चों ने देशभक्ति से प्रेरित सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और देशभक्ति का वातावरण बनाया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को महाप्रबंधक योग्यता प्रमाण पत्र, पावर एक्सेल अवार्ड, एम्प्लॉई ऑफ द ईयर, मानवीयता पुरस्कार, बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड एवं हेल्थ चैंपियन अवार्ड सहित विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए। मेधा प्रतियोगिता में जूनियर श्रेणी में नेशनल चैंपियनशिप तथा सीनियर श्रेणी में क्षेत्रीय स्तर पर प्रतिभागिता के लिए भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही सीआईएसएफ एवं आईसीएच के कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

इसके अलावा, परियोजना प्रभावित गांवों के विभिन्न विद्यालयों के 50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत ‘उत्कर्ष छात्रवृत्ति’ प्रदान की गई। इनमें स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी माध्यम विद्यालय (पंधी एवं सीपत), स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सीपत), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (जांजी, गतौरा एवं दर्राभाटा), शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सीपत) तथा शासकीय हाईस्कूल (रांक एवं कौड़िया) के विद्यार्थी शामिल रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इससे पूर्व डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर श्री सुरोजीत सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने माल्यार्पण कर राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।

स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर आज एनटीपीसी सीपत के प्रशासनिक भवन ‘ऊर्जा भवन’ के समक्ष 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ का भी लोकार्पण भी किया गया।

साथ ही श्री सुरोजीत सिन्हा ने सर्विस बिल्डिंग स्टेज-1 में ध्वजारोहण किया और उपस्थित कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

संगवारी महिला समिति द्वारा संचालित बाल भवन एवं टाइनी ब्लॉसम प्ले स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा  शिखा मंडल ने वरिष्ठ सदस्याओं की उपस्थिति में बाल भवन में ध्वजारोहण किया।

इस अवसर पर संगवारी महिला समिति की वरिष्ठ सदस्या गण,  कपिल सुधाकर कामडी, डिप्टी कमांडेंट, सीआईएसएफ,  शलभ निगम, प्राचार्य, बाल भारती पब्लिक स्कूल, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण, सीआईएसएफ के जवान तथा उज्ज्वल नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *