दोपहर तेज धूप और शाम होते ही तेज हवा के साथ बारिश
बिलासपुर। बिलासपुर में बुधवार सुबह से लेकर दोपहर तक चिलचिलाती धूम का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोग भीषण गर्मी की चपेट में रहे। फिर शाम 3 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवाट बदली और तेज हवाओं के साथ अंधड़ और गरज चमक के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 से 16 मई के बीच प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। एमपी से मणिपुर तक बनी ट्रफ लाइन और बंगाल में साइक्लोन सर्कुलेशन के असर से ऐसी स्थिति बन रही है। वहीं अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। यानी बारिश और तेज हवाओं के बीच गर्मी का असर भी बना रहेगा। प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। साथ ही गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर भी जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा, लेकिन अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


