जिले में सघन कुष्ठ खोज अभियान शुरू, घर-घर सर्वे कर होगी रोगियों की पहचान

 

बिलासपुर. जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक विकासखण्डों एवं शहरी क्षेत्रों में सघन कुष्ठ खोज अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समुदाय में छिपे कुष्ठ रोगियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर उनका समय पर उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि रोग के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके तथा रोग से होने वाली विकलांगता को रोका जा सके।
अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की सर्वे टीम घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान करेगी। चिन्हित व्यक्तियों की जांच कर रोग की पुष्टि होने पर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक सर्वे दल में आरएचओ (पुरुष) एवं मितानिन शामिल हैं। सर्वे के दौरान संभावित मरीजों को रेफरल स्लिप प्रदान कर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी जाएगी, जहां मेडिकल ऑफिसर द्वारा कुष्ठ रोग की पुष्टि की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रत्येक घर के सभी सदस्यों के शारीरिक परीक्षण के बाद घर की बाहरी दीवार पर गेरू से टिक का निशान लगाकर सर्वे की तिथि अंकित की जाएगी। सर्वे टीम द्वारा स्क्रीनिंग, रेफरल एवं अन्य जानकारियां मोबाइल एप अथवा पोर्टल पर दर्ज की जाएंगी।
अभियान की प्रभावी निगरानी एवं फीडबैक के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने जिलेवासियों से अभियान में सहयोग करने तथा सर्वे टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *