अरपा का जल लेकर काशी जा रही सेवा यात्रा का बिलासपुर में हुआ स्वागत
वडनगर से निकला 52 बाइक सवारों का दल तिफरा पहुंचा
महतारी वंदन हितग्राहियों से संवाद
बिलासपुर। वडनगर से काशी तक निकली सेवा यात्रा में शामिल 52 बाइक यात्रियों का दल बुधवार को बिलासपुर पहुंचा। तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा में शामिल बाइक सवार मार्ग में पडऩे वाली पवित्र नदियों का जल एकत्र कर रहे हैं। इसमें बिलासपुर की अरपा नदी का जल भी शामिल है, जिसे काशी पहुंचकर काशी विश्वनाथ मंदिर में अर्पित किया जाएगा। दल अब तक करीब 1500 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुका है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंच से उतरकर महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने नीलम मार्को, प्रियंका नवरंग, अंजली साहू और लक्ष्मी नवरंग से योजना की राशि के उपयोग की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि वे राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों, घरेलू जरूरतों और बेटियों के भविष्य के लिए कर रही हैं। कुछ महिलाओं ने इसे सुकन्या समृद्धि योजना में जमा करने की जानकारी दी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य लोगों को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत करना है। कार्यक्रम में आयुष्मान वय वंदन कार्ड का लाभ ले चुके हितग्राहियों का भी सम्मान किया गया।
सेवा यात्रा का स्वागत करना हमारा सौभाग्य: कौशिक
विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि बिलासपुर में सेवा यात्रा का स्वागत करना शहरवासियों के लिए अवसर है। यात्रा के सदस्यों ने भी यहां मिले स्वागत और अपनत्व के प्रति आभार जताया। इस दौरान अंधमूक-बधिर शाला के बच्चों ने स्वच्छता गीत प्रस्तुत किया। एलसीआईटी और स्वामी आत्मानंद स्कूल तिफरा व सिरगिट्टी के एनएसएस विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए विभिन्न योजनाओं और समसामयिक विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


