रेडक्रॉस अध्यक्ष तोमन साहू ने सेवा कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ने पर दिया जोर
बिलासपुर. राज्य चेयरमेन एवं रेडक्रॉस अध्यक्ष श्री तोमन साहू की अध्यक्षता में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर की समीक्षा बैठक जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में रेडक्रॉस की सेवा गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, जनभागीदारी बढ़ाने तथा युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा रक्तदान एवं अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर चर्चा हुई। सिकल सेल, टीबी एवं मलेरिया नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय से कार्य करने पर भी जोर दिया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविरों की जानकारी दी गई। इन शिविरों में रक्तदान के साथ शुगर, बीपी, हीमोग्लोबिन एवं सिकल सेल की निःशुल्क जांच भी की जा रही है। शिक्षा विभाग के सहयोग से जिला स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। बैठक में नशा मुक्ति अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने का निर्णय लिया गया। सामाजिक संस्थाओं एवं यूथ रेडक्रॉस के युवाओं को जोड़कर नुक्कड़ नाटक, वीडियो क्लिप एवं अन्य माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
विनीता पटेल, संस्थापक, बस्ता एजुकेशन एंड हेल्थ फाउंडेशन ने प्रोजेक्ट आरुग के तहत एसईसीएल से सीएसआर मद में प्राप्त 48.96 लाख रुपये की राशि से बिल्हा विकासखंड के 114 हाई स्कूल एवं कुछ मिडिल स्कूलों में रेडक्रॉस के सहयोग से पीरियड्स को लेकर संचालित किए जाने वाले जागरूकता अभियान की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में रेडक्रॉस कार्यालय के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय परिसर में स्थल का चयन किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही भविष्य में ब्लड स्टोरेज सेंटर की स्थापना, अंगदान हेतु जिला स्तरीय समिति के गठन तथा युवाओं को युवोदय रेडक्रॉस मितान योजना से जोड़ने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में डीईओ श्री संदीप पांडेय, वाइस चेयरमेन श्री बालाराम साहू एवं सदस्य राज्य शाखा श्री केशव साहू, चेयरमेन प्रबंध समिति डॉ. बी.एल. गोयल, कोषाध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह दुआ, राज्य प्रतिनिधि श्री ब्रजेन्द्र शुक्ला, सदस्य प्रबंध समिति डॉ. राजीव अवस्थी, श्री सुरेन्द्र गुम्बर एवं श्री श्रीकांत सहारे, सचिव रेडक्रॉस डॉ. शुभा गरेवाल, नोडल अधिकारी डॉ. एम.ए. जीवानी, जिला समन्वयक श्री सौरभ सक्सेना, सहायक जिला अधिकारी श्री आदित्य पांडेय, श्री लक्ष्मीनारायण मिश्रा, श्री मनीष मिश्रा, श्री सुशील राजपूत प्रबंधक रेडक्रास मेडिकल शॉप, विनीता पटेल, श्रीमती गीतेश्वरी चंद्रा, अन्नू पटेल, यश शर्मा, पूजा कैवर्त, प्रीति चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक, ब्लड बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


