लुतरा शरीफ में धार्मिक व रूहानी कार्यक्रमों का किया जा रहा आयोजन

 

उर्स में देशभर से आए शायरों ने नतिया कलाम पेश किए

लुतरा शरीफ में भारी संख्या में उमड़ रही भीड़

 

बिलासपुर। शहंशाहे छत्तीसगढ़ हजरत बाबा सैय्यद इंसान अली शाह रहमतुल्लाहि अलैह के 68वें सालाना उर्स-ए-पाक के अवसर पर लुतरा शरीफ में धार्मिक व रूहानी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उर्स के दौरान दादी अम्मा साहिबा के संदल-चादर का कार्यक्रम दोपहर 3 बजे अकीदत और एहतराम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जायरीन और अकीदतमंद शामिल हुए व दुआएं मांगी।

रात 10 बजे ऑल इंडिया नातिया मुशायरा का अजीमुश्शान जलसा आयोजित किया गया। कार्यक्रम की जेरे-सदारत मोहसिने मिल्लत हजरत मौलाना अल्हाज कारी सैयद शब्बीर अहमद अशरफी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत तिलावत-ए-कुरआन पाक से हुई, जिसे हजरत मौलाना राजब अली नूरानी, शाही मस्जिद लुतरा शरीफ ने प्रस्तुत किया। नातिया मुशायरे में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए शायरों और नातख्वानों ने बारगाह-ए-रिसालत में नातिया कलाम पेश किए। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। नातिया कलाम सुनकर जायरीन ने नातख्वानों की हौसला-अफजाई की। पूरे कार्यक्रम के दौरान लुतरा शरीफ का माहौल नातिया कलाम और धार्मिक नारों से गूंजता रहा।मुबारक हुसैन मुबारक (कोलकाता) और मोहम्मद इलियास अशरफी (बिलासपुर) सहित अन्य कलाकारों एवं शायरों ने अपने कलाम से महफिल में रूहानी समां बांध दिया। कार्यक्रम की सरपरस्ती एवं इंतजाम में दरगाह इंतजामिया कमेटी के सदर हाजी मो. इकबाल हक , खजांची जनाब फैजान अहमद शेबू , नायब खजांची जनाब जावेद रब्बानी सहित कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर नजीर अहमद (बलौदा), जनाब मो. सज्जाद सिद्दीकी (कोरबा), जनाब सैयद इंसान अली (बिलासपुर), शेख सिकार (बिलासपुर), जनाब मो. एजाज खान (बिलासपुर), जनाब अब्दुल वहाब अशर्फी (लुतरा शरीफ), हाजी अनवारुल हक, हाजी अब्दुल करीम बेग (लुतरा शरीफ), जनाब मुशर्रफ खान (बिलासपुर), शहनवाज मेमन (लुतरा शरीफ) सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *