कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग तेज, जिला शिक्षा अधिकारी ने किया कोटा के विद्यालयों का निरीक्षण

 

विद्यार्थियों से किया संवाद, अध्यापन व्यवस्था, शैक्षणिक अभिलेखों और वार्षिक कैलेंडर का लिया जायजा
बिलासपुर. जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर विद्यालयों का सघन निरीक्षण अभियान जारी है। कलेक्टर द्वारा प्राचार्यों एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी लगातार विद्यालयों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर जायसवाल ने आज कोटा विकासखंड के शासकीय विद्यालय तेंदुआ, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय करगीकला, शासकीय हाई स्कूल धूमा तथा सेजेस विद्यालय कोटा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। साथ ही अध्यापन व्यवस्था, वार्षिक शैक्षणिक कैलेंडर, शिक्षकों की दैनंदिनी, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालयों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *