July 9, 2026
हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत
कोरबा। कोरबा वन मंडल के अंतर्गत ग्राम पीडिया और तुर्रीकटरा के बीच जंगल में गुरुवार, 9 जुलाई को हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पीडिया निवासी जहाज सिंह राठिया (उम्र लगभग 55 वर्ष) सुबह पास के जंगल में पुटू (मशरूम) निकालने गया हुआ था। इसी दौरान जंगल में उसका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया। इससे पहले कि वह अपनी जान बचाकर भाग पाता, हाथी ने उसे बेरहमी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। इस हादसे के बाद से ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन अमला और विभागीय अधिकारी हाथियों की सही ढंग से निगरानी नहीं कर पा रहे हैं, जिसके कारण लगातार जान-माल का नुकसान हो रहा है।


