July 9, 2026
पुराना भवन देखते ही देखते ताश के पत्तों की तरह ढह गया
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। टिहरी गढ़वाल जिले के सुरकंडा क्षेत्र के कद्दूखाल में बुधवार शाम भूस्खलन के कारण एक पुराना भवन देखते ही देखते ताश के पत्तों की तरह ढह गया। हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर दो रेस्टोरेंट, आसपास के खोखे और श्रमिकों की झुग्गियों को खाली करा दिया है।
यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए (चंबा-मसूरी हाईवे) पर हुई। बारिश के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया, जिसकी चपेट में आने से रेस्टोरेंट के पास स्थित पुराना खाली भवन क्षतिग्रस्त हो गया। मकान गिरने के दौरान पानी की कई प्लास्टिक टंकियां भी नीचे जा गिरीं।


