बेसहारा मवेशियों को छोडऩे गए किसानों पर हमला, एक की हत्या

 

पुलिस ने सात आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर। फासल को सुरक्षित रखने के लिए बेसहारा मवेशियों की झूंड को छोडऩे गए किसानों पर युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों से पीट-पीटकर एक किसान की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को जेल भेजा गया है।

मस्तूरी पुलिस ने बताया कि 20 अगस्त की रात 7 बजे ग्राम लिमतरा निवासी उमेश बरगाह, मुंडूल केंवट, जीवन मेहर और गांव के अन्य किसानों के साथ अपनी धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। फसलों को नुकसान पहुंचा रहे 15-20 बेसहारा मवेशियों को सभी किसान भगाते हुए ग्राम रलिया भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग रोड के किनारे छोडक़र रात 8.30 बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम रलिया भारतमाला रोड पुल के पास अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया और मवेशियों को अपनी तरफ लाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अज्ञात आरोपियों ने डंडों, हाथ और मुक्कों से किसानों पर हमला कर दिया। मुंडूल केंवट और जीवन मेहर को अधिक चोट लगने और खून बहने के कारण तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान जीवन मेहर की मौत हो गई।

एसीसीयू व मस्तूरी पुलिस को मिली सफलता

घटना के बाद से ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी पुलिस व एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम द्वार घटना में शामिल 7 आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया गया। एक आरोपी फरार हैं, जिसकी तलाश की जा रही है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *