3 साल का मासूम कुएं में गिरा, डूबने से मौत
प्रशासन से की जागरूकता अभियान चलाने की मांग
कोरबा । मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 स्थित पुरानी बस्ती दादर में दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास खेल रहा 3 साल का बच्चा अव्यांश पटेल संतुलन खोकर कुएं में गिर गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
अव्यांश घर पर खेल रहा था। तभी वह बाड़ी की तरफ चला गया। कुएं के पास पहुंचते ही उसका पैर फिसला और वह अंदर गिर गया। परिवार को तुरंत पता नहीं चला। जब बच्चा काफी देर तक नहीं दिखा तो तलाश शुरू की गई। बाड़ी में जाकर परिजनों ने उसे कुएं में देखा, तुरंत बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
लगातार बारिश से लबालब भरा है कुंआ
पिछले कुछ दिनों की लगातार बारिश से कुआं पानी से लबालब भरा था, इसलिए मासूम को बचने का मौका नहीं मिला। मृत बच्चा सतानंद पटेल का बेटा था। सतानंद खेती और बाड़ी में सब्जी उगाते हैं। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बरसात में खुले कुओं को बच्चों के लिए खतरनाक बताते हुए प्रशासन से घेराबंदी और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है। चौकी पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


