थाने में रील्स बनाने वाली महिला ने वीडियो जारी कर मांगी माफी, लोगों से की हाथ जोडक़र अपील
कोरबा। सोशल मीडिया पर रातों-रात पॉपुलर होने और रिल्स को वायरल करने की दीवानगी अब इस हद तक बढ़ चुकी है कि लोग कानून और व्यवस्था के सबसे संवेदनशील केंद्रों को भी नहीं छोड़ रहे हैं।
कोरबा के कोतवाली थाना परिसर में वीडियो शूट कर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने का मामला तूल पकडऩे के बाद अब इस पूरे प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। आलोचनाओं और बढ़ती फजीहत के बीच संबंधित महिला ने एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें वह हाथ जोडक़र माफी मांगती हुई नजर आ रही है और लोगों से उस विवादित वीडियो को और अधिक वायरल न करने की प्रार्थना कर रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना के मेन गेट और संवेदना कक्ष के सामने खड़े होकर भोजुपरी गाने पर रील शूट किया। इसके बाद इन वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। वीडियो में महिला अलग-अलग अंदाज में कैमरे के सामने नजर आ रही थी। जिस जगह पर आम नागरिकों की शिकायतें दर्ज होती हैं, गंभीर मामलों की जांच की जाती है और जहां पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा संभालती है, उसी परिसर को रील्स शूट करने के लिए इस्तेमाल किए जाने से स्थानीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी।


