September 13, 2026
तनाव के दौर में अनूप जलोटा का भक्ति मंत्र
अनूप जलोटा ने खोला ‘भक्तिद्वार’
अनूप जलोटा बने ‘भक्तिद्वार’ के सारथी
मुंबई /अनिल बेदाग: भक्ति और आधुनिक तकनीक के संगम से तैयार ‘भक्तिद्वार टेलीविजन ऐप’ का मुंबई में भव्य शुभारंभ हुआ। पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने ऐप लॉन्च करने के साथ इसके लोगो का भी अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने ‘भक्तिद्वार’ को केवल डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि आध्यात्म और शांति से जुड़ने का माध्यम बताया।
अनूप जलोटा ने कहा, “मैं स्वयं भक्तिद्वार में प्रवेश कर चुका हूं। यह केवल एक ऐप नहीं, बल्कि भक्ति, आनंद और शांति का द्वार है। आज लोग तनाव और मानसिक दबाव से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में भगवान का स्मरण और भजन मन को सच्ची शांति दे सकता है।” उन्होंने आगे कहा, “आज की युवा पीढ़ी भी भक्ति संगीत और आध्यात्मिक कंटेंट को पसंद कर रही है। जब व्यक्ति तनाव में होता है, तब भक्ति उसे सुकून देती है। भक्तिद्वार इसी सकारात्मक सोच को आगे बढ़ाने वाली पहल है।”
करीब एक दशक की मेहनत के बाद इस प्लेटफॉर्म को आकार देने वाले संस्थापक दिनेश असोपा ने कहा, “मेरा उद्देश्य सिर्फ एक और ओटीटी बनाना नहीं, बल्कि ऐसा मंच तैयार करना था, जहां भक्ति, आध्यात्म और सनातन संस्कृति से जुड़ी सामग्री एक जगह मिल सके।” ‘भक्तिद्वार’ पर धार्मिक सीरीज, भजन, मंत्र, चालीसा, प्रवचन, एआई आधारित वीडियो, एनिमेशन और धार्मिक आयोजनों का लाइव प्रसारण उपलब्ध होगा। इसका सब्सक्रिप्शन ₹11 प्रति सप्ताह रखा गया है।


