खेत में खाद डाल रहे किसान पर बाघिन का हमला

 

घायल को गनियारी किया गया रेफर
बिलासपुर। कोटा ब्लॉक के दवनपुर गांव में खेत में काम कर रहे किसान पर बाघिन ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में किसान के हाथ, पैर और चेहरे पर चोटें आई हैं। घायल किसान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गनियारी स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। घटना के बाद आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दवनपुर निवासी 42 वर्षीय संजय मरकाम अपने खेत में खाद डालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान खेतों के बीच अचानक बाघिन पहुंच गई और संजय पर हमला कर दिया। हमले में उनके बाएं हाथ, बाएं पैर और चेहरे पर चोटें आईं। अचानक हुए हमले से किसान संभल नहीं पाए और घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल संजय मरकाम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चोटों को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए गनियारी स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि घटना अचानकमार टाइगर रिजर्व से लगे सामान्य वन क्षेत्र में हुई है। खेतों और जंगल से लगे इलाकों में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर ग्रामीण पहले से सतर्क रहते हैं। ताजा घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

20 दिन में दूसरी घटना
इससे पहले 24 अगस्त को मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में बाघिन के हमले की घटना सामने आई थी। लक्ष्मण डोंगरी के पास जंगल में पुटू तोडऩे गए बांधा निवासी धर्मजीत धृतलहरे पर बाघिन ने हमला कर दिया था। इस हमले में धर्मजीत की मौके पर ही मौत हो गई थी। अब करीब 20 दिन बाद दवनपुर में किसान पर हुए हमले से वन क्षेत्र से लगे गांवों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने जंगल और खेतों के आसपास वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने तथा लोगों को सतर्क करने की जरूरत जताई है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *