November 1, 2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं कुरुक्षेत्र, मां भद्रकाली मंदिर में की पूजा-अर्चना; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कुरुक्षेत्र. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को हरियाणा दौरे पर कुरुक्षेत्र पहुंचीं। अंबाला से सड़क मार्ग के जरिए कुरुक्षेत्र पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की। राष्ट्रपति हरियाणा राज्य के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित हीरक जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति श्रीमद्भगवद सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में शिरकत करेंगी। इसके अलावा वह गुरुकुल कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए हरियाणा की संस्कृति और परंपराओं को दर्शाता विशेष स्मृति चिह्न भी तैयार किया गया है, जिसे उन्हें भेंट किया जाएगा। इस स्मृति चिह्न में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई गई है।


