चुनावी हार की रंजिश में हत्या की साजिश, 1.20 लाख में दी सुपारी

 तुलसी साहू का अपहरण कर पंप हाउस में गला घोंटा

मुंगेली.  सरपंच चुनाव में 8-9 वोटों से मिली हार का बदला लेने के लिए तुलसी साहू की हत्या कराने का मामला सामने आया है। मुंगेली जिले के सरगांव थाना क्षेत्र में हुए इस हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी धनीराम साहू समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के लिए 1.20 लाख रुपए में सुपारी तय हुई थी।
जांच में सामने आया कि ग्राम पेण्ड्री स निवासी धनीराम साहू वर्ष 2025 में सरपंच का चुनाव हार गया था। उसे संदेह था कि चुनाव के दौरान मतगणना अभिकर्ता रहे तुलसी साहू ने जानबूझकर कुछ वोट निरस्त करवाए थे। इसी रंजिश में उसने हत्या की साजिश रची और ओमनारायण राजपूत के माध्यम से सुपारी तय की। रकम में से 70 हजार रुपए अग्रिम दिए गए थे। पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की शाम तुलसी साहू मोटरसाइकिल से घर से निकला था। रास्ते में आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठाकर सरगांव के पास पंप हाउस पहुंचाया। वहां हाथ-पैर बांधकर गला घोंट दिया। इसके बाद शव को सडक़ किनारे कीचड़ और झाडिय़ों में फेंक दिया गया। आरोपियों ने मृतक का मोबाइल दूर फेंकने और गमछा जलाने सहित साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की।

बाक्स में…
तकनीकी साक्ष्यों से खुला मामला
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देश और एसएसपी भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में साइबर सेल तथा सरगांव पुलिस ने जांच की। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने धनीराम साहू, भुवन साहू, ओमनारायण राजपूत, सुरेंद्र जोशी और टीकाराम साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल, कपड़े, स्टाम्प पेपर, वीडियो, मोटरसाइकिल, कार और 10 हजार रुपए सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। सभी को 30 अक्टूबर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए आईजी ने पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *