कोल कारोबारी के घर पर ईओडब्ल्यू की दबिश

 

बिलासपुर. कोल लेवी स्कैम से जुड़े मामलों को लेकर ईओडब्ल्यू और एसीबी की टीम शहर के कोल कारोबारी के मकान पर छापामार कार्रवाई की। कारोबारी के घर के अंदर पांच घंटे तक टीम के अफसर दस्तावेज खंगालते रहे। इस कार्रवाई से जिले के सभी कोलकारोबारियों के बीच हडक़ंप मच गया। जांच टीम ने कारोबारी के घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू निवासी शाहबाज खान कोल कारोबारी हैं। शुक्रवार की सुबह उनके घर पर ईओडब्ल्यू और एसीबी की टीम ने अचानक दबिश दी। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने घर के अंदर कमरे से लेकर छत तक का कोना-कोना खंगाला। सर्च ऑपरेशन के दौरान कुछ अधिकारी मकान की छत पर भी जांच करते दिखे। कारोबारी से जुड़े बड़े वित्तीय लेनदेन, बैंक डिटेल्स और कोयला कारोबार से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों को टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। लंबे समय तक चली पूछताछ के बाद टीम ने शाहबाज खान को गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गई है, जहां उनसे आगे के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज पर पूछताछ की जाएगी। अलका एवेन्यू जैसे रिहायशी इलाके में अचानक पहुंची दर्जनों अधिकारियों की टीम को देखकर आसपास के लोगों में हडक़ंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार्रवाई में कुल कितने की बेनामी संपत्ति, नकद या संदिग्ध दस्तावेज जब्त हुए हैं, इसको लेकर ईओडब्ल्यू और एसीबी की ओर से आधिकारिक खुलासा होना बाकी है। जांच टीम की ओर से अभी तक कार्रवाई में मिली सामग्री या दस्तावेजों को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *