24 घंटे से हो रही बारिश, तेज हवा के कारण घर से बाहर नहीं निकले लोग
बिलासपुर. चक्रवात अर्नब के कारण बिलासपुर जिले में 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। कही-कही तेज पानी भी गिरा। इसके साथ ही तेज हवा चलने के कारण लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गया है। दैनिक जीवन का काम पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। पिछले दो दिन तापमान में गिरवाट हुई है। जिससे ठंड महसूस की जा रही हे।
गुरुवार सुबह से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में घने बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान अर्र्नब आंध्र प्रदेश के तटों को पार कर चुका है। उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढऩे और कमजोर होने की संभावना है। मौसम विभाग ने भारी वर्षा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। बलरामपुर, गरियाबंद, जशपुर, कोंडागांव, महासमुंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं के साथ मध्यम बारिश की आशंका जताई गई थी, लेकिन राहत की बात यह है कि इसका असर सामान्य रहा। नगर निगम, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग, रेलवे और राहत-बचाव दल अभी भी सतर्क है।
पीला और नारंगी अलर्ट समझें, लापरवाही से बचें
पीला अलर्ट संभावित खराब मौसम को लेकर सतर्क रहने का संकेत है। नारंगी अलर्ट अधिक गंभीर मौसमी परिस्थितियों की आशंका में तैयारी बढ़ाने की चेतावनी देता है। दोनों का उद्देश्य समय रहते लोगों को सावधान करना है। बिलासपुर के लिए जारी संदेश में हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा की संभावना बताई गई है।


