सीएम साय आदीवासी नहीं, वनवासी है: दीपक बैज

 

कांग्रेस के संभाग स्तरीय शिविर में बीजेपी पर किया हमला

बिलासपुर। कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री को आदिवासी मानने से इनकार करते हुए कहा कि वे वनवासी हैं। अगर मुख्यमंत्री आदिवासी होते तो आदिवासी दिवस के दिन बधाई देते।

बैज ने कहा भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहेब के बड़े भाई ढाल दास ने कल कांग्रेस ज्वाइन कर ली। बधाई और शुभकामनाएं। ये तो अभी शुरुआत है। अब आगे-आगे देखते जाइए भारतीय जनता पार्टी के नाराज फूफा बहुत जल्द कांग्रेस में आने के लिए तैयारी कर रहे हैं। समय का इंतजार करिए भारतीय जनता पार्टी अपने आप को बचा नहीं पाएगी। शिविर के समापन में मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बैज ने कांग्रेस छोडक़र भाजपा में जाने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए ये नेता हमारे साथ चलते थे, लेकिन भाजपा में जाने के बाद पीछे की लाइन में भी नजर नहीं आते। भाजपा में कार्यकर्ताओं की नहीं सुनी जाती, जबकि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाता है।

 

तीन दिन के मंथन में निकला अमृत

बिलासपुर में हुए तीन दिवसीय संगठन सृजन व प्रशिक्षण शिविर को लेकर बैज ने कहा कि आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारियों पर मंथन हुआ। उन्होंने कहा मंथन में विष की एक बूंद भी नहीं निकली, तीन दिन तक अमृत ही अमृत निकला। मास्टर ट्रेनर और ब्लॉक अध्यक्ष यहां से प्रशिक्षण लेकर जाएंगे और सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे।

कोल ब्लॉक से लेकर शराब तक सरकार पर हमला

बैज ने कोल ब्लॉक और प्रदेश की खनिज संपदा को लेकर भाजपा सरकार पर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर कांग्रेस आने वाले समय में बड़ी लड़ाई लड़ेगी। शराब के मुद्दे पर बैज ने नकली शराब, होलोग्राम और पैकिंग का आरोप लगाते हुए प्रदेश में शराब सिंडिकेट चलने का दावा किया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *