देश में पहली बार 12 सौ स्कूलों के तीन लाख से ज्यादा छात्र एक साथ गाएंगे राष्ट्रगीत वंदे मातरम्
बिलासपुर। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर को देशभर में एक साथ राष्ट्रगीत गूंजेगा। छत्तीसगढ़ में करीब 1200 सरस्वती शिशु मंदिरों में आयोजन की तैयारी चल रही है। इनमें लगभग 11 हजार आचार्य-शिक्षक और तीन लाख से अधिक विद्यार्थी हैं। संगठन ने निजी और शासकीय विद्यालयों से भी अभियान में सहभागिता का आग्रह किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सामूहिक गान का हिस्सा बन सकें।
विद्या भारती (मध्य क्षेत्र) के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष-विद्या एवं सामूहिक वंदे मातरम् आयोजन के छत्तीसगढ़ प्रांत संयोजक जुड़ावन सिंह ठाकुर ने रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देशभर में विद्या भारती से जुड़े करीब 20 हजार औपचारिक और अनौपचारिक विद्यालय इस अभियान में सहभागी बनेंगे। इन संस्थानों के करीब एक लाख से अधिक आचार्य-शिक्षक और लगभग 36 लाख विद्यार्थी सीधे तौर पर अभियान से जुड़ेंगे। इसके अलावा पूर्व छात्र, पूर्व आचार्य, अभिभावक, शिक्षाविद और समाज के प्रबुद्ध नागरिकों को भी सामूहिक गान से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।
गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराएंगे
विद्या भारती ने इस ऐतिहासिक अवसर पर सुबह ठीक 11 बजे पूर्ण वंदे मातरम् के सामूहिक गान का राष्ट्रव्यापी आयोजन करने का निर्णय लिया है। अभियान के माध्यम से एक करोड़ से अधिक लोगों को जोडऩे और सामूहिक गान का नया कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी है। आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए प्रतिभागियों की संख्या से लेकर कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग तक की व्यापक व्यवस्था की जा रही है।


