सेवा सेतु शिविर से गांवों तक पहुंच रही शासन की योजनाएं : विधायक
शिविर में मिले 111 आवेदन, 84 का मौके पर निराकरण
हितग्राहियों को मिला विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
बिलासपुर. सेवा संकल्प अभियान के तहत बिल्हा विकासखंड के ग्राम सेंदरी में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी मांगों एवं समस्याओं को लेकर 111 आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से 84 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।
विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और शासकीय सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सहजता से पहुंचे। सेवा सेतु शिविर इसी उद्देश्य को साकार करने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से शासन-प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान हो, यही ऐसे शिविरों की सार्थकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त शेष आवेदनों का भी समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, पात्रता और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों द्वारा उनके निराकरण की कार्रवाई की गई। मौके पर निराकृत नहीं हो सके आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रामकुमार कौशिक, जनपद सदस्य श्री राजेंद्र साहू, श्री रामकुमार पटेल, श्री मनीष कौशिक, ग्राम पंचायत के सरपंच, सीईओ जनपद श्री कुमार लहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


