ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का आंदोलन तेज
दिल्ली. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना आंदोलन तेज करते हुए विपक्षी दल सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को ‘चलो दिल्ली-लोकतंत्र के लिए मार्च’ नाम दिया है। विपक्षी दल कथित ‘वोट चोरी’ पर रोक लगाने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया रोकने की मांग कर रहे हैं।
इस बीच, प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करने से इनकार कर दिया है। राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधान न्यायाधीश को पत्र लिखकर सोमवार शाम चार से पांच बजे के बीच मुलाकात का समय मांगा था। विपक्षी नेता उन्हें इस मुद्दे पर एक ज्ञापन सौंपना चाहते थे। हालांकि, प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि इस तरह के मुद्दे पहले ही सुप्रीम कोर्ट के समक्ष विचाराधीन हैं।


