लोक आस्था के महापर्व छठ आज से नहाय खाय के साथ शुरू

 

जिला प्रशासन की तैयारी पूरी, किसी भी भक्तों को नहीं होगी असुविधा

बिलासपुर.  लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी पूरी हो चुकी है। 13 नवंबर शुक्रवार को को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पूजा की शुरुआत होगी। तोरवा स्थित अरपा नदी के तट पर इस बार व्रतियों को पहले से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। छठ घाट पर करीब 15 लाख रुपए खर्च कर लगभग 1.5 किलोमीटर लंबे हिस्से का कांक्रीटीकरण कराया गया है। इससे व्रतियों को पूजा के दौरान समतल जगह मिलेगी और घाट पर कीचड़ व गंदगी की समस्या से भी राहत मिलेगी।

नदी के गहरे हिस्सों में लोगों को जाने से रोकने के लिए बांस की बैरिकेडिंग भी कराई गई है। तोरवा छठ घाट पर पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के सहयोग से पिछले 26 वर्षों से छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। हर साल समिति की ओर से घाट की सफाई और मरम्मत कराई जाती थी, लेकिन इस बार स्थायी सुविधा विकसित करने पर जोर दिया गया है। छठ पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र दास ने बताया कि लंबे समय से घाट के कांक्रीटीकरण की योजना बनाई जा रही थी। नये अध्यक्ष प्रवीण झा द्वारा इस वर्ष करीब 15 लाख रुपए खर्च कर इसे पूरा कराया गया है। इससे हजारों व्रतियों को बैठकर पूजा करने और अघ्र्य देने के दौरान सुविधा मिलेगी।

36 घंटे का निर्जला उपवास की होगी शुरूआत

इस दिन व्रती स्नान के बाद अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सात्विक सब्जी ग्रहण करेंगे। भोजन में लहसुन-प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती सुबह से निर्जला उपवास रखेंगे। शाम को स्नान के बाद गुड़ और दूध से बनी खीर व रोटी का प्रसाद तैयार किया जाएगा। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे।

उषा अघ्र्य के साथ होगा समापन

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। 15 नवंबर को संध्या अघ्र्य दिया जाएगा। व्रती परिवार के साथ दउरा और सूप में पूजा सामग्री लेकर घाट पहुंचेंगे। नदी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों से घाट गूंजेंगे। 16 नवंबर को उषा अघ्र्य के साथ महापर्व का समापन होगा। तडक़े व्रती घाट पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद अदरक और गुड़ खाकर 36 घंटे का निर्जला उपवास तोड़ेंगे।

अरपा मैया की होगी महाआरती

छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने बताया कि घाट पर साफ-सफाई, रोशनी, रंगरोगन और पार्किंग की व्यवस्था लगभग पूरी हो चुकी है। 13 नवंबर को नहाय-खाय के दिन शाम को अरपा मैया की महाआरती आयोजित की जाएगी। इसमें शहर के जनप्रतिनिधि और विशिष्टजन शामिल होंगे। इस अवसर पर हजारों दीपों का दान किया जाएगा। साथ ही आकर्षक आतिशबाजी भी होगी।

सुरक्षा के लिए नदी में होगी बैरिकेडिंग

इस बार घाट के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के साथ सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नदी के गहरे हिस्सों में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए बांस की बैरिकेडिंग की जाएगी। इससे अघ्र्य के दौरान नदी में उतरने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित क्षेत्र में रहने में मदद मिलेगी। स्थायी कांक्रीट घाट, रोशनी, सफाई और सुरक्षा इंतजामों के साथ समिति इस बार छठ महापर्व को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की तैयारी में जुटी है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *