भारत समेत कई देशों में क्रिकेट सट्टे से संपत्ति बनाई, कुर्क करने की तैयारी
बिलासपुर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ जारी किया एलओसी
बिलासपुर. ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के जरिए अवैध कमाई और हवाला के माध्यम से रकम के लेन-देन की जांच कर रही बिलासपुर पुलिस ने बड़े संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। जांच में देश के अलग-अलग राज्यों से सट्टे की रकम के लेन-देन के साथ विदेश, विशेषकर दुबई में संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की तलाशी में करीब 8 लाख रुपए नकद, सोने के आभूषण, महंगी घडिय़ां, बैंकिंग दस्तावेज और करीब 25 करोड़ रुपए मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं।
सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि 13 नवंबर 2026 को की गई तलाशी के दौरान ये महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामान बरामद किए गए। जांच का दायरा अब ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के संचालन से आगे बढक़र हवाला नेटवर्क, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों तक पहुंच गया है। सट्टे की रकम का लेन-देन देश के विभिन्न राज्यों में किया जाता था। हवाला के माध्यम से भी धन हस्तांतरण के तथ्य सामने आए हैं। जांच के दौरान विदेश, विशेषकर दुबई में संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी भी मिली है। इस मामले में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है। वहीं, रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि सट्टे से प्राप्त रकम किन माध्यमों से हस्तांतरित हुई और उससे अर्जित संपत्तियों के वास्तविक मालिक एवं लाभार्थी कौन हैं।
लेनदेन की जांच कर रही पुलिस
पुलिस इन संपत्तियों के वास्तविक स्रोत, खरीद-बिक्री और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान होने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107 के तहत कुर्की की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले से जुड़े आरोपी सुनील रोहरा और मनीष रोहरा के नाम बताए गए हैं। वहीं, जबलपुर निवासी आकाश गोगा को संदेही के रूप में उल्लेखित किया गया है।
सिर्फ सट्टेबाज नहीं, पूरे वित्तीय नेटवर्क पर कार्रवाई का लक्ष्य
इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वालों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि पूरे संगठित वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करना है। पुलिस बैंकिंग लेन-देन, हवाला नेटवर्क, संपत्तियों के वास्तविक स्रोत और लाभार्थियों की पहचान करने में जुटी है। अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर कानूनी प्रक्रिया के तहत कुर्क करने की तैयारी भी की जा रही है।
रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया जारी
दुबई में संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी और रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया शुरू होने से मामले की जांच का अंतरराष्ट्रीय पहलू भी सामने आया है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। आने वाले दिनों में वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की पड़ताल के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य नामों और गतिविधियों के संबंध में और जानकारी सामने आ सकती है।


