पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक घायल

 

बिलासपुर. रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरगांव के समीप किरना के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए बिलासपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3 बजे अनिल सूर्यवंशी (40), पिता जवाहर सूर्यवंशी, निवासी तिफरा, बिलासपुर, आवश्यक कार्य पूरा कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक CG 22 T 3067 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अनिल सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया। थाना प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि दुर्घटनाकारी पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामले में धारा 106 बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *