पहाड़ी पर मिला लापता महिला का शव, प्रेम संबंध के विवाद में हत्या की आशंका
जांजगीर-चांपा। पंतोरा चौकी क्षेत्र के ग्राम अंगारखार से लापता 30 वर्षीय महिला का शव तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला 22 नवंबर से लापता थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त सर्चिंग के दौरान 25 नवंबर की सुबह पहाड़ी क्षेत्र से महिला का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक विवेचना में प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर एक संदिग्ध आरोपी को चिन्हांकित किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को चौकी पंतोरा में ग्राम अंगारखार निवासी महिला के लापता होने की सूचना मिली थी। इस पर अपराध क्रमांक 581/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) में मामला दर्ज कर पतासाजी शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा तथा चौकी प्रभारी पंतोरा अभिलाष कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम जुटी रही। 25 नवंबर को पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग की। इस दौरान महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रेम संबंध को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की विवेचना और पूछताछ में सामने आया कि महिला अपने परिचित व्यक्ति से मिलने ग्राम अंगारखार की पहाड़ी पर गई थी। इसी दौरान गांव का ही एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और प्रेम संबंध को लेकर विवाद करने लगा। विवाद के बाद महिला का परिचित व्यक्ति वहां से चला गया। इसके बाद महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) जोड़ दी है।
जहर सेवन के बाद अस्पताल में भर्ती संदिग्ध
पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध आरोपी की पहचान की है। बताया गया है कि संदिग्ध ने जहर सेवन कर लिया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह उपचाराधीन है। उसके स्वस्थ होने के बाद पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं तथा साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।


