भाजपा सरकार ने 15 साल सिर्फ किसानों के साथ धोखाधड़ी की
बिलासपुर.जिला कांग्रेस शहर और ग्रामीण अध्यक्षों ने प्रेसवार्ता कर राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तारीफ की। दोनों नेताओं ने बताया कि कांग्रेस ने जो कहा सो किया। लेकिन किसान विरोधी भाजपा नेताओं को किसानों की खुशी देखी नहीं जा रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, प्रमोद नायक और प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अर्जुन तिवारी ने किसान न्याय योजना को लेकर प्रेसवार्ता में भाजपा नेताओं पर जमकर निशाना साधा। विजय और प्रमोद नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने किसानों को धान की अन्तर राशि देकर वादा को पूरा किया है। किसानों का लगभग 11000 करोड़ रूपये का कर्ज भी माफ किया है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि धान की अन्तर राशि मिलने से कोरोना काल में किसानों की खुशी देखते ही बन रही है। लेकिन भाजपा नेताओं के चेहरे उतरे हुए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक समेत अन्य भाजपा नेताओं ने हमेशा किसानों को छला है। यदि दम है तो स्वामिनाथन कमेटी की सिफारिश को लागू करवाएं। विजय ,प्रमोद और अर्जुन तिवारी ने निशाना साधते हुए कहा कि जुमलेबाज मोदी सरकार बताएं कि 2022 तक कैसे किसानों की आय दोगुनी कैसे होगी ? जबकि रमन सिंह के कार्यकाल में वादाखिलाफी को किसान अभी भूला नहीं है। क्योंकि भाजपा सरकार ने 15 साल तक किसान और आम जनता के साथ केवल और केवल छला है। यदि भाजपा नेताओं में दम है तो केन्द्र सरकार से कोरोना महामारी काल में स्पेशल पैकेज की मांग कर किसानों का बकाया 2 साल की बोनस राशि दिलाएं । मोदी सरकार को किसान सम्मान निधि की राशि 6000 से बढ़ाकर 12000 एकमुश्त जमा करने को कहें।