जंगल से घर लौट रहे बुजुर्ग पर भालू ने किया हमला, हाथ-कूल्हे में गंभीर चोट
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही वनमंडल के बंशीताल गांव में मंगलवार सुबह जंगल से लौट रहे एक बुजुर्ग पर भालू ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गौरेला भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार बंशीताल निवासी रेवा लाल रोजाना की तरह सुबह जंगल की ओर गए थे। वापस लौटते समय रास्ते में झाडिय़ों से अचानक भालू निकल आया और उन पर हमला कर दिया। बुजुर्ग को संभलने का मौका नहीं मिला। भालू के हमले से उनके बाएं हाथ और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं। रेवा लाल की चीख सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे। लोगों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घटना के बाद बंशीताल और आसपास के गांवों में ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है। विभाग की ओर से मुनादी कराकर लोगों को भालू की गतिविधियों से सावधान रहने के लिए कहा गया है।


