विभिन्न कार्यो को समय पर पूर्ण कराएं :नगरीय प्रशासन मंत्री

बिलासपुर. नगरीय प्रशासन विकास एवं श्रम मंत्री डाॅ. शिवकुमार डहरिया ने बिलासपुर नगर निगम के कार्यो की समीक्षा करते हुए कहा कि समय पर विभिन्न कार्यो को पूर्ण कराएं। ताकि लोगों को इसका लाभ मिले। इसके पूर्व वे नगर निगम क्षेत्रों में संचालित विभिन्न कार्यों का मौका, मुआयना भी किया।नगरीय प्रशासन मंत्री ने नगर निगम में बजट उपलब्धता, राजस्व वसूली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, वार्ड कार्यालय, गोठान, पट्टा वितरण, डी.एम.एफ. के कार्य, सफाई व्यवस्था, ओवरब्रिज निर्माण, स्मार्ट सिटी एवं सिवरेज के कार्यो की समीक्षा की। बैठक मंे बताया गया कि नगर निगम में 115 करोड़ बजट उपलब्ध है। वर्तमान में फंड की समस्या नहीं है। नगर निगम क्षेत्र में 1077 कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें से ज्यादातर कार्य आवास निर्माण के हैं। राजस्व वसूली के लिए लोगों को फोन एवं एस.एम.एस. के माध्यम से सूचना दी जा रही है। ताकि वे समय पर टैक्स जमा करें। राजस्व वसूली के संबंध में कलेक्टर डाॅ. संजय अलंग ने सुझाव दिए कि फोन एवं एस.एम.एस. के साथ ही बिल भी उपलब्ध कराएं तो ज्यादा कारगर सिद्ध हो सकता है। पेयजल हेतु अमृत मिशन के तहत 27 कि.मी. पाइप लाइन बिछाया जाएगा। अभी तक 16.8 कि.मी. पाइप लाइन बिछाया जा चुका है। वार्ड कार्यालयों को जनपयोगी बनाने के लिए यहां अधिक से अधिक लोग अपनी समस्या पंजीयन कराएं, इसके लिए पाम्पलेट वितरण कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। मौखिक शिकायतों को भी पंजी में दर्ज करने के सुझाव दिए गए। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए चिंगराजपारा एवं चांटीडीह मंें सकरी गलियों के कारण हो रही समस्याओं को अवगत कराया गया। सिवरेज कार्य की समीक्षा के दौरान विस्तृत जानकारी लेते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री ने कहा कि इस कार्य के लिए परमानेंट एक अधिकारी को लगाएं। उसे अन्य कार्य न दें, ताकि वे प्राथमिकता के साथ कार्य करा सकें। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी एवं ओव्हर ब्रिज निर्माण के कार्यो समीक्षा की गई। बैठक में राज्य स्तरीय अधिकारियों के साथ ही आयुक्त नगर निगम एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।