छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के 2 साल बेमिसाल, तीसरा साल बनेगी नई मिसाल
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में अपने सफल व ऐतिहासिक दो वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस दौरान संगठन ने सराफा व्यापारियों के हितों की रक्षा, संगठनात्मक विस्तार, सुरक्षा, जागरूकता, डिजिटल सशक्तिकरण, व्यापारिक विकास के क्षेत्र में अनेकउल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। संगठन ने प्रदेशभर के छोटे-बड़े सराफा व्यापारियों को एक सशक्त मंच पर जोडऩे का कार्य किया है और अब तीसरे वर्ष में नई उपलब्धियों के साथ आगे बढऩे का संकल्प लिया है।
शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित राज्य स्तरीय प्रेस कांफ्रेंस में संगठन के दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में सराफा जन-संवाद अभियान, संगठन विस्तार, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ऑपरेशन गोल्ड, बीआईएस जागरूकता अभियान, संगठन की अन्य प्रमुख उपलब्धियों को मीडिया व आमजन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। 28 जून रविवार की सुबह 10 बजे से रामदेव लॉन, 36 मॉल के बगल, मंगला, बिलासपुर में प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन व तृतीय आमसभा आयोजित होगी।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि जनवरी 2024 में प्रदेश में संगठन की लगभग 60 सक्रिय इकाइयां थीं। संगठन विस्तार अभियान के परिणामस्वरूप जून 2024 तक यह संख्या बढक़र 91 से अधिक हो गई। वर्तमान में प्रदेशभर में 125 से अधिक इकाइयां संगठन से जुड़ चुकी हैं। उन्होंने बताया कि संगठन का संकल्प प्रदेश के प्रत्येक सराफा व्यापारी को एक सशक्त मंच से जोड़ते हुए 251 इकाइयों का गठन करना है।


