कर्नाटक में सत्ता बदलाव की अटकलों पर कांग्रेस का ब्रेक, कहा- चर्चा सिर्फ चुनावों की हुई
कर्नाटक. कांग्रेस ने मंगलवार को कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा को अटलबाजी करार दिया और कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ आलाकमान की बैठक में सिर्फ राज्यसभा एवं विधान परिषद के चुनावों को लेकर चर्चा की गई। पार्टी मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में चली मैराथन बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला शामिल थे। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह बैठक बुलाई थी। ऐसी चर्चा है कि पार्टी के भीतर कुछ नेताओं ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को राज्यसभा भेजने और डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने का फार्मूला सुझाया, लेकिन मुख्यमंत्री ने इसे अस्वीकार कर दिया। बहरहाल, कांग्रेस की ओर से इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई है। इस बैठक के बाद वेणुगोपाल ने कहा कि पूरी चर्चा आगामी राज्यसभा चुनाव और कर्नाटक के विधान परिषद चुनाव पर ही केंद्रित रही। आप लोग (मीडिया) जो भी अनुमान लगा रहे हैं, वह केवल अटकलबाजी है। इसमें बिल्कुल भी वास्तविकता नहीं है।


