मॉल की सीढिय़ों पर चढ़ा दी स्कार्पियो
कोरबा। शहर के टीपी नगर स्थित मॉल में 6 जुलाई की रात करीब 1 बजे एक रसूखदार की गुंडागर्दी और लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। बिलासपुर के एक कथित ठेकेदार जिसका नाम रमन सिंह,बताया गया है, ने नशे की हालत में अपने चालक को निर्देश देकर स्कॉर्पियो वाहन को मॉल के प्रवेश द्वार की सीढय़िों पर चढ़वा दिया। इस घटना से मॉल की सीढय़िां क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि देर रात वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और सुरक्षा गार्डों के अनुसार, बारिश होने के कारण ठेकेदार ने चालक को मॉल के बिल्कुल करीब गाड़ी लाने को कहा था। इसके बाद मालिक के कहने पर चालक ने स्कॉर्पियो (क्रमांक सीजी 10 सीडी 0513) को सीधे मॉल की सीढिय़ों पर चढ़ा दिया। जब मॉल के गार्ड और अन्य लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई, तो नशे में धुत वाहन मालिक सुरक्षाकर्मियों से ही उलझ गया और विवाद करते हुए कहने लगा कि वह गाड़ी मॉल के अंदर से लेकर जाएगा। यह पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। रोकने की कोशिश के बावजूद आरोपी वाहन सहित मौके से फरार हो गया ।
नियमों को ठेंगे पर रखकर देर रात तक खुला था बार
इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था और नियमों की धज्जियां उड़ा रहे बार संचालकों की पोल भी खोल दी है। पुलिस की कथित सख्ती के दावों के बीच, 6 जुलाई की रात 1 बजे के बाद भी मॉल स्थित ओएनसी बार खुला हुआ था, जहां आरोपी ने देर रात तक शराब पी और फिर इस कृत्य को अंजाम दिया। पूर्व में भी कई चेतावनियों के बाद भी बार प्रबंधन नियमों को ताक पर रखकर देर रात तक बार संचालित कर रहा है।


