May 8, 2024

सड़क किनारे किया जा रहा है कचरा डंप, छठ घाट मुख्य मार्ग का हाल बेहाल


बिलासपुर/अनिश गंधर्व. तोरवा छठ घाट मुख्य मार्ग में फिर से कचरा डंप किया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि यहां कचरा जमा कर उसे कछार स्थित प्लांट में शिफ्ट किया जा रहा है। यहां निगम कर्मचारी सड़क किनारे ही कचरा गाड़ी खाली कर रहे हैं। कचरा खाली करने के लिये निगम द्वारा तोरवा छठ घाट के पास टीन का शेड बनाया गया है इसके बाद भी निगम कर्मचारी सड़क पर कचरा फेंक रहे हैं। आलम यह है कि सड़क में कचरा और बदबू होने के कारण लोगों को आने जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात में अंधेरा होने पर इस मार्ग से गुजरने में लोग घबराते हैं।

तोरवा छठघाट और व्यापार विहार परिक्षेत्र में नगर निगम प्रशासन द्वारा कचरा डंप किया जाता था। व्यापारियों और आम नागरिकों द्वारा लगातार विरोध किया गया तो निगम द्वारा कछार में कचरा डंप किया जाने लगा। अब जब घर-घर से कचरा उठाया जा रहा है तो निगम द्वारा खुद व्यवस्था बिगाड़ी जा रही है। राजकिशोर नगर जोन-7 की कमिश्नर मैडम का कहना है कि तोरवा पुल के पास सरकारी जमीन हैं, यहां पर कचरा एकत्र किया जाता है फिर उसे कछार में शिफ्ट किया जा रहा है। ऐसा इस लिये किया जा रहा है कि सरकारी जमीन पर लोग कब्जा न कर सके और निगम के उपयोग में आ सके। चंदन केसरी संवाददात  जब जब मौके पर पहुंचा तो  सड़क पर किनारे जगह-जगह कचरा पड़ा है। आंधी तूफान आने पर कचरा पूरे सड़क पर ही बिखर जाता है और आने जाने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर निगम द्वारा तोरवा पुल के पास कचरा एकत्र करने के लिये टीन के शेड का निर्माण किया गया है ताकि कचरा एक जगह रहे और बदबू भी न फैले। किंतु कर्मचारी मनमानी करते हुए सड़क किनारे ही कचरा गाड़ी खाली कर रहे है।  स्वच्छता के नाम पर कागजों में भले बिलासपुर को सम्मान मिला है लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।

स्मार्ट बिलासपुर की सड़कें अतिक्रमण से घिरा हुआ है। दिन रात सफाई का ढिंढोरा भले ही पीटा जा रहा है, शहर के अधिकांश मोहल्लों में टूटी हुई नालियों में कचरा वर्षों से जाम पड़ा है। निगम सीमा क्षेत्र में शामिल होने वाले ग्राम पंचायत के लोग अपना माथा पीट रहे हैं, उनकी की समस्याओं को सुलझाने के लिये जोन कार्यालयों का निर्माण किया गया है, यहां भी निराशा हाथ लग रही है। मोपका, लिंगियाडीह, राजकिशोर नगर के मुख्य मार्ग में बिजली व्यवस्था नहीं के बराबर है। जगह-जगह कचरों का ढेर लगा हुआ है। तोरवा छठघाट में छट पूजा के समय तीन दिवसीय उत्सव भोजपुरी समाज व पाटलिपुत्र समाज द्वारा मनाया जाता है। इसके अलावा देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन करने लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं जहां निगम द्वारा जगह-जगह कचरा डंप कर बदबू फैलाया जा रहा है।


कांचीहाउस मुख्य मार्ग में मवेशियों कब्जा
सड़कों में घूमने वाले आवारा मवेशियों के लिये निगम द्वारा कांची हाउस बनवाया गया है। इधर कांची हाउस मुख्य मार्ग  में मवेशी लावारिस घूम रहे हंै, सड़कों पर कब्जा जमाये बैठे हुए। इनकी धरपकड़ कर रख रखाव की व्यवस्था केवल कागजों में चल रही है। तोरवा मुख्य मार्ग में जहां कचरा डंप किया जा रहा है वहां मवेशी गंदगी से सना पॉलीथीन खा रहे हैं,उन पर भी संक्रमण फैलने का खतरा मंडरा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post भाजपा ने षडयंत्र पूर्वक कवर्धा के माहौल को खराब किया : मोहन मरकाम
Next post रास गरबा, डांडिया, भजन, आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा दिशा निर्देश जारी
error: Content is protected !!