February 8, 2025

प्रसन्नता और सन्तोष प्राप्त करने का उपाय है, ध्यान : योग गुरु महेश अग्रवाल

भोपाल. योग गुरु अग्रवाल ने बताया कि अधिकतर मनुष्य सुख की खोज में हैं, परन्तु बहुत कम लोग ऐसे उपाय ढूँढ़ पाते हैं जो उन्हें सन्तोष प्रदान कर सकें। लोग सुख प्राप्त करने के लिए टेलीविज़न, सिनेमा, खेलकूद आदि की ओर झुकते हैं। इनसे शायद उन्हें क्षणिक सुख मिल जाता हो, परन्तु चिरस्थायी सुख से वे वंचित रह जाते हैं। लोग शक्ति, पद और भौतिक आधिपत्य चाहते हैं, बदले में उन्हें मिलती हैं। अनिश्चितता, असुरक्षा और शारीरिक-मानसिक व्याधियाँ।

हममें जीवन के प्रति उल्लास से भरी रचनात्मक अभिवृत्ति हो, हम सन्तुष्ट हों, इसका उपाय अत्यन्त सरल है। सचमुच यह इतना सरल है। कि लोग इसे करने की बात ही नहीं सोचते। इसका समाधान यह है कि हम अपनी चेतना को उच्च स्तर पर ले जायें, अपनी चेतना का विस्तार एवं विकास करें और मन की अनन्त गहराइयों में पैठें। तब आपको अब तक प्राप्त समस्त सुखानुभवों का अतिक्रमण करने वाले आनन्द तथा शान्ति की अनुभूति होगी। जब आप अपने सूक्ष्म मन को जानेंगे, तब जीवन के सारे छोटे-बड़े संघर्ष महत्त्वहीन हो जायेंगे। आप तब भी पूर्ववत् संसार में रहते हुए अपने सहकर्मियों के साथ कर्त्तव्यों का निर्वाह करेंगे। उस स्थिति में आपको पूर्ण सन्तोष की प्राप्ति होगी। तब आपका जीवन सार्थक हो जाएगा और उन सतही, उथले विचारों से मुक्त हो जायेगा जिनमें अधिकतर लोग अपने को उलझाये रखते हैं।
मन किस प्रकार कार्य करता है, किस तरह वह बाह्य दृश्यप्रपंचों और पूर्वसंचित ज्ञान का विश्लेषण करता है, यह बात मुख्य है। हम देखते हैं कि विपरीत स्थिति में रह कर भी कुछ लोग प्रसन्न रहते हैं। क्यों? इस प्रश्नः का उत्तर है, उनका मन और बाह्य परिस्थितियों के प्रति उनकी प्रतिक्रियायें। इसीलिए हम कहते हैं, अपने मन को बदलें, अपनी सजगता का विकास तथा विस्तार करें, अपने मन की गूढ़तर प्रक्रियाओं के प्रति सजग बने, आनन्द स्वत: ही आपके पास दौड़ा आएगा। प्रसन्नता और सन्तोष प्राप्त करने का उपाय है, ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post IG ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने रेंज के यातायात प्रभारियों की ली बैठक
Next post सोनू सूद ने लॉन्च किया सोशल मीडिया ऐप “एक्सप्लर्जर”
error: Content is protected !!