मानसून सत्र के बीच पीएम मोदी की मौजूदगी में एनडीए की ‘मंगल मिलन’ बैठक
नयी दिल्ली. संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को संसद परिसर स्थित लाइब्रेरी भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
बैठक के समापन पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गठबंधन के सांसदों को संबोधित किया। इसके बाद केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत के हालिया मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) की उपलब्धियों और उनके रणनीतिक महत्व पर जानकारी दी। वहीं, केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने मत्स्य क्षेत्र के विकास, सरकार की प्रमुख पहलों और भविष्य की कार्ययोजना पर अपने विचार रखे।


