राहुल गांधी का बयान लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ : अमर अग्रवाल ने की कड़ी निंदा 

 

 

बिलासपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नगर विधायक अमर अग्रवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के प्रति दिए गए बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे अत्यंत शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन संवैधानिक पदों पर आसीन नेताओं के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना देशवासियों की भावनाओं का अपमान है। कांग्रेस नेताओं द्वारा लगातार इस प्रकार की बयानबाजी उनकी नकारात्मक एवं द्वेषपूर्ण राजनीति को उजागर करती है।

उन्होंने कहा कि आज पूरा देश गर्व महसूस करता है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को विश्व के 32 से अधिक देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त हुए हैं। यह भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा, मजबूत नेतृत्व और विश्व मंच पर देश की सशक्त उपस्थिति का प्रतीक है।

श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का सम्मान प्रत्येक भारतीय का सम्मान है। उनके नेतृत्व में भारत एक मजबूत और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। इसके बावजूद कांग्रेस द्वारा लगातार अपशब्दों का प्रयोग अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की इस नकारात्मक राजनीति को पहले भी नकार चुकी है और आगे भी इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!