पुलिसकर्मी बनकर ट्रक चालक से लूट, दो आरोपी गिरफ्तार

 

सकरी पुलिस ने पुलिस की छवि धूमिल करने वाले दोनों आरोपियों को भेजा जेल

बिलासपुर। फर्जी पुलिसकर्मी बनकर ट्रक चालक से लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना करना स्वीकार किया है। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। मध्यप्रदेश के उमरिया निवासी ट्रक चालक सुरेंद्र जायसवाल तिरुपति ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर है। वह 4 मई को ट्रक में 210 बोरी गेहूं और 25 बोरी तंबाकू लेकर शहडोल से बिलासपुर आ रहा था। इस दौरान सेंदरी के पास ट्रक खराब होने पर वह हाईवे किनारे ढाबे के पास रुका था। अगले दिन सुबह एक काले रंग की कार में सवार दो युवक पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर चालक को जबरन कार में बैठा लिया। आरोपियों ने ट्रक से तंबाकू की बोरियां निकाल लीं और चालक को शहर में अलग-अलग स्थानों पर घुमाते हुए झूठे केस में फंसाने और जेल भेजने की धमकी देकर पैसे की मांग की। बाद में चालक के मालिक से मोबाइल पर बात कर 9 हजार रुपये की मांग की गई। समझौते के बाद आरोपियों ने च्वाइस सेंटर से 8 हजार रुपये निकलवाकर ले लिए। साथ ही ट्रक में लोड 9 बोरी तंबाकू भी गायब कर दी। पीडि़त चालक की शिकायत पर सकरी थाना में धारा 140(3), 308(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ साहू निवासी छतौना और नारायण साहू निवासी सिरगिट्टी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार और नकद बरामद किया है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!