संवैधानिक संस्थाएं पीएम की निजी संपत्ति नहीं : राहुल गांधी

वायनाड. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाएं उनकी निजी संपत्ति नहीं है बल्कि यह प्रत्येक भारतीय नागरिक की हैं। केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर देश के सभी संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी ने कहा कि आम चुनाव में लड़ाई संविधान की रक्षा करने और उसे नष्ट करने की चाह रखने वालों के बीच है।वह इस पहाड़ी निर्वाचन क्षेत्र के वेल्लीमुंडा में रोड शो करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को संबोधित कर रहे थे। गांधी ने कहा कि संविधान वह दस्तावेज है जो सभी भारतीयों के अधिकारों की रक्षा करता है, चाहे वे कोई भी भाषा बोलते हों, चाहे किसी भी समुदाय से हों, चाहे किसी भी धर्म को मानते हों और चाहे किसी भी राज्य के निवासी हों। उन्होंने कहा कि संविधान की नजर में सभी एक समान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ सांसद पहले और अब भी कह रहे हैं कि वे संविधान को बदल देंगे। राहुल ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी है कि वह प्रत्येक भारतीय नागरिक की उसके समुदाय, धर्म और राज्य से परे जाकर रक्षा करे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!