नवजात बच्ची को जिंदा तालाब में फेंका, डूबने से मौत

 

बिलासपुर। अज्ञात माता-पिता ने अपने नवजात बेटी को तालाब में फेंककर भाग गए। पानी में डूबने के कारण बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने शव बरामद कर पीएम कराया। पीएम रिपोर्ट में जिंदा फेंकने की पुष्टि हुई है। इस मामले में पुलिस हत्या के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी माता-पिता की तलाश में जुटी है।
कोटा थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी बेलगहना के अनुसार 29 मार्च को ग्राम लमरीडबरी की महिला बृजबाई ने कोटवार निर्मलदास मानिकपुरी को सूचना दी थी कि गांव के रामसागर तालाब में एक बच्चे का शव तैर रहा है। सूचना मिलने पर कोटवार मौके पर पहुंचा और तालाब के पानी के अंदर नवजात बच्ची का शव औंधे मुंह तैरता हुआ देखा। शव को बाहर निकालने पर बच्ची की उम्र करीब एक से दो दिन होने का अनुमान लगाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटना स्थल पहुंची। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। विस्तृत मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बच्ची की मौत प्राकृतिक नहीं थी। जांच में सामने आया कि नवजात को जिंदा तालाब में फेंका गया था, जिससे पानी में डूबने और दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई। पुलिस का मानना है कि किसी ने लोक-लाज के डर से बच्ची के जन्म को छिपाने के लिए यह कदम उठाया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!