जनता की समस्याओं को लेकर विधायक धरमलाल और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच तीखी बहस

 

गोड़ी ग्राम पंचायत में सुशासन तिहार कार्यक्रम में गरमाया माहौल

बिलासपुर। बिल्हा विधानसभा के ग्राम गोंढ़ी में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब विधायक धरमलाल कौशिक और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच तीखी बहस हो गई। जनता की समस्याओं को लेकर दोनों नेताओं ने मंच से एक-दूसरे के तर्कों का जवाब दिया। कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली-पानी की समस्या और क्षेत्र की खराब सडक़ों का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। वहीं विधायक धरमलाल कौशिक ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए जवाब दिया। दोनों नेताओं के बीच हुई नोकझोंक के दौरान समर्थकों की नारेबाजी भी देखने को मिली। जिस मंच पर जनसमस्याओं के समाधान की चर्चा होनी थी, वहां राजनीतिक बहस केंद्र में रही।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच किसानों के मुद्दे भी चर्चा में बने हुए हैं। कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने सडक़ निर्माण, नाली व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, खाद की उपलब्धता और पेयजल जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। ग्रामीणों का कहना है कि इन मुद्दों का समाधान उनके लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है। ऐसे में वे चाहते हैं कि जनप्रतिनिधि राजनीतिक विवादों से ऊपर उठकर स्थानीय समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!