भारतमाला हाईवे पुल निर्माण अधुरा, कार 30 फीट नीचे गिरी, चार युवक गंभीर
तोरवा थाना क्षेत्र का मामला, घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
बिलासपुर। भारतमाला हाईवे बिलासपुर-उरगा मार्ग दर्रीघाट-ढेंका कर्रा के पास अरपा नदी पर अधुरा पुल का निर्माण किया गया है। पुल में कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। सोमवार की रात एक तेज रफ्तार कार निर्माणाधीन पुल को सडक़ सझकर आगे बढ़ गया, जिससे कार 30 फीट नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में रायगढ़ के कार सवार 4 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार रात करीब 9 बजे कार कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही थी। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां भारतमाला परियोजना के तहत पुल का निर्माण कार्य अभी अधूरा है और आगे सडक़ भी नहीं जुड़ी है। कार तेज रफ्तार में थी। चालक को समझ नहीं आया कि पुल अधूरा है। कार सीधे अधूरे पुल तक पहुंच गई और निर्माणाधीन हिस्से से हवा में उछलकर करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। तोरवा पुलिस, डायल-112 और एंबुलेंस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, पुल से नीचे गिरने के बाद कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।


